राकेश सिंह ने की सागर संभाग के निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा, लंबित कार्यों की साप्ताहिक मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
भोपाल, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सागर कलेक्ट्रेट में लोक निर्माण विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सागर संभाग में संचालित 20 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन कार्य निर्धारित समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि “लोक निर्माण से लोक कल्याण” की भावना के अनुरूप जनहित को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों का क्रियान्वयन किया जाए।
समीक्षा बैठक में 48 निर्माण कार्यों पर चर्चा हुई, जिनमें 7 सड़क निर्माण, 25 भवन निर्माण, 10 पुल निर्माण, 5 राष्ट्रीय राजमार्ग एवं 1 राज्य राजमार्ग से संबंधित कार्य सम्मिलित थे। मंत्री सिंह ने विलंबित कार्यों की प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए उनकी साप्ताहिक मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। प्रत्येक कार्य की समय-सीमा तय कर उसकी सतत समीक्षा करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कई कार्यों की समय-सीमा बढ़ाने के बावजूद भी उनके समय पर पूर्ण होने की संभावना कम है। इस पर मंत्री सिंह ने प्रमुख अभियंता को निर्देशित किया कि ऐसे सभी प्रकरणों की गहन समीक्षा कर रिवाइज्ड वर्कप्लान बनवाया जाए और निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण किया जाए। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग प्रदेश की आधारभूत संरचना निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और इसकी जिम्मेदारी है कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता और गति के साथ पूरे किए जाएं, जिससे जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।
समीक्षा बैठक से पूर्व मंत्री राकेश सिंह ने सागर में दो बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। मुख्य मार्ग से संत रविदास स्मारक मार्ग (लंबाई 2.40 किलोमीटर) का भूमि पूजन किया गया, जिसकी लागत ₹8.63 करोड़ है। गढ़पहरा मकरोनिया मार्ग पर नवनिर्मित रेल ओवर ब्रिज का लोकार्पण किया गया जिसकी लागत ₹43 करोड़ और लंबाई 885 मीटर है।
मंत्री सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण में एक मीटर व्यास का पेड़ शिफ्ट किया जाएगा, उसे काटा नहीं जाएगा। लोक निर्माण विभाग लोक कल्याण सरोवर बनाने का कार्य करेगा। सड़कों के गड्ढे की शिकायत एक सप्ताह में दूर की जाएगी, नहीं तो संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सागर का विकास और तेज गति से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि लोक कल्याण के लिए मध्य प्रदेश की सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में कार्य कर रही है और सभी का समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग के द्वारा सभी सड़कों का कार्य गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। नई सड़कों के लिए गिट्टी-मुरम की खुदाई कलेक्टर की विशेष अनुमति से ही की जाएगी और ऐसी खुदाई की जाएगी जिससे “लोक कल्याण सरोवर” तैयार हो सके। इस प्रकार के सरोवर तालाब के रूप में कार्य करेंगे। इसके अलावा, विभाग द्वारा सभी सड़कों की एक किलोमीटर की दूरी पर रिचार्ज बोर बनाए जाएंगे।
मंत्री सिंह ने कहा कि पहले भारत को पिछड़ा देश माना जाता था, किंतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में देश अब विकसित देशों की श्रेणी में आ गया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का विकास भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में निरंतर हो रहा है। यदि देश का विकास देखना हो तो मध्य प्रदेश में जाकर देखा जा सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले जब वे सागर आते थे तो केवल घटिया और विश्वविद्यालय दिखते थे, किंतु अब लाखा बंजारा झील अपने सौंदर्य के साथ दिखाई देती है और सागर की सड़कें भी नए रूप में बदल चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि सागर में 101 करोड़ रुपये की लागत से संत रविदास मंदिर का निर्माण हो रहा है, जिसका भूमि पूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। रविदास मंदिर तक जो फोरलेन सड़क बनाई जा रही है, वह बुंदेलखंड की आदर्श सड़क होगी। बैठक में विधायक भूपेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह लोधी, प्रहलाद सिंह लोधी, उमादेवी खटीक, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत सहित प्रमुख अभियंता (सड़क एवं पुल) केपीएस राणा, प्रमुख अभियंता (भवन) एसआर बघेल, भवन विकास निगम के प्रमुख अभियंता अनिल श्रीवास्तव, सड़क विकास निगम के तकनीकी सलाहकार आर.के. मेहरा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, आर्किटेक्ट और कंसल्टेंट उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) तोमर
You may also like
ये देसी नुस्खा शरीर को बना देगा लोहे जैसा मजबूत, अपनाओ और महसूस करो जवानी जैसा जोशˈ
फतेहपुर में महिला की हत्या से मचा हड़कंप, देवर की प्रतिक्रिया चौंकाने वाली
स्पेन में वॉशिंग मशीन में विस्फोट: एक चौंकाने वाला वीडियो
दोस्ती में कर दी हद! गाय के गोबर से बना डाला बर्थडे केक, ऊपर से चॉकलेट-क्रीम डाल कर खिला भी दियाˈ
अगर इस रूप में दिख जाए काला कुत्ता तो समझ लीजिए शनिदेव हैं प्रसन्न, जीवन में आने लगती हैं शुभ घटनाएंˈ