नई दिल्ली, 21 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित स्व. कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर देश भर के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा सहित कई नेताओं ने ‘बाबूजी’ को याद किया। उन्होंने उनके सुशासन, रामभक्ति और सांस्कृतिक विरासत के लिए किए गए कार्यों को सराहा।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा कि सुशासन के प्रतीक, पद्म विभूषण श्रद्धेय कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करता हूं। उत्तर प्रदेश में भय और अपराध-मुक्त शासन की नींव रखकर कल्याण सिंह ने प्रदेश को प्रगति के पथ पर अग्रसर बनाया। उन्होंने सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत की पुनर्स्थापना के लिए कभी मूल्यों से समझौता नहीं किया और इसके लिए सत्ता को त्यागने से भी पीछे नहीं हटे। संगठन से सरकार तक सुशासन व लोककल्याण की नींव रखने वाले बाबूजी का व्यक्तित्व व कृतित्व हर एक राष्ट्रप्रेमी की स्मृति में बसा रहेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें स्मरण करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वे जनसाधारण से जुड़े अत्यंत लोकप्रिय और एक असाधारण नेता थे। उत्तर प्रदेश के विकास और श्री रामजन्मभूमि आंदोलन में उन्होंने अविस्मरणीय योगदान दिया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देते रहेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने पोस्ट कर लिखा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रदूत व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’ कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन करता हूं। सेवा, सुशासन और सामाजिक न्याय के प्रतीक बाबूजी ने संस्कृति और राष्ट्र को सर्वोपरि रखा। संगठन के विस्तार के साथ ही गरीबों, वंचितों और पिछड़ों को उनका अधिकार दिलाने के लिए वे सदैव प्रयत्नशील रहे। राष्ट्र एवं संस्कृति की रक्षार्थ उनका जीवन दर्शन कोटिश: कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणीय है।
उतराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पोस्ट कर लिखा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल, सुशासन और सामाजिक न्याय के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले पद्मविभूषण कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर कोटिशः नमन। जनसेवा को समर्पित आपका जीवन हमारे लिए प्रेरणास्रोत है।
दिल्ली सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहेब सिंह ने पोस्ट कर लिखा कि श्रीराम मंदिर आंदोलन के अग्रदूत, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल, ‘पद्म विभूषण’ कल्याण सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, सनातन संस्कृति और जनकल्याण को समर्पित रहा। उनके विचार, सिद्धांत और उनका संघर्ष आज भी हम सभी को प्रेरणा देते हैं।
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने लिखा, पूर्व मुख्यमंत्री, प्रखर राष्ट्र नेता और हिंदुत्व के सच्चे प्रहरी कल्याण सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर नमन। बाबूजी ने संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया वह अमर रहेगा। श्रीराम मंदिर निर्माण में आपका योगदान सदा स्मरणीय रहेगा।
भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल, पद्म विभूषण से सम्मानित, परम रामभक्त स्व. कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं।
उल्लेखनीय है कि कल्याण सिंह जिन्हें प्रेमपूर्वक ‘बाबूजी’ कहा जाता था, भारतीय राजनीति के उन नेताओं में शामिल रहे जिन्होंने राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया। वे न केवल एक कुशल प्रशासक और प्रखर वक्ता थे, बल्कि राम मंदिर आंदोलन के महानायकों में से एक माने जाते हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
You may also like
पैसों के लिए पुत्र ने ही की थी पिता की हत्या, गिरफ्तार
एनसीबी का ऑपरेशन प्रहार : झारखंड से आया 3.61 करोड़ रुपए का पॉपी स्ट्रॉ से भरा ट्रक पकड़ा
रत्नाकर ग्रुप पर डीजीजीआई का छापा, करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा
चार किलों गाजा सहित एक सप्लायर आया पुलिस गिरफ्त में
आयुष स्ट्रेस मैनेजमेंट ओपीडी शुरू करेगी सरकार : पंकज कुमार सिंह