Next Story
Newszop

बीजेडी सांसद सुलता देव को महिंद्रा के कर्मचारी ने दी रेप और जान मारने की धमकी, तूल पकड़ते ही कंपनी ने दी सफाई

Send Push
भुवनेश्वर: बीजू जनता दल (बीजेडी) की सांसद सुलता देव को सोशल मीडिया पर रेप और जान से मारने की धमकी मिली। सांसद ने पीएमओ इंडिया को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। आरोप लगाया कि धमकी देने वाला बीजेपी कार्यकर्ता है और वह महिंद्रा ग्रुप का कर्मचारी है। बीजेडी सांसद के ट्वीट करते ही मामले ने तूल पकड़ लिया। टीएमसी और शिवसेना (यूबीटी) की महिला सांसदों ने निंदा करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग कर डाली। अब महिंद्रा ग्रुप ने भी इस पर सफाई दी है। कंपनी ने बयान में बताया कि वह इस तरह के व्यवहार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगी। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो वे कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।







बीजेपी सांसद ने क्या लिखा?


17 अगस्त को बीजेडी सांसद सुलता देव ने एक चौंकाने वाला पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा 'डियर पीएमओ इंडिया'। महिंद्रा कंपनी, नासिक का एक कर्मचारी और बीजेपी कार्यकर्ता खुले तौर पर एक महिला सांसद को बलात्कार और जान से मारने की धमकी देता है। अगर यह स्थिति है, तो सोचिए ओडिशा की वंचित महिलाओं का क्या होता होगा। यह आपकी आवश्यक जानकारी और कार्रवाई के लिए है। बीजेडी सांसद ने महिंद्रा ग्रुप के कर्मचारी सत्यब्रत नायक की ओर से भेजे गए बलात्कार और जान से मारने की धमकी के स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किए। सुलता देव के इस ट्वीट करते ही कई सांसद उनके समर्थन में आ गए।









सागारिका बोलीं-यह अस्वीकार्य


टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने इस घटना को पूरी तरह से चौंकाने वाला और अस्वीकार्य बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि महिलाओं के खिलाफ नफरत और हिंसा अब हमारे समाज में व्यापक है। इंडिया जेंडर जस्टिस पर पीछे हट रहा है। शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए धमकी की निंदा की। उन्होंने सरकार से कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की। बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा ने इस धमकी के बाद बीजेपी सरकार पर तगड़ा हमला बोल दिया। उन्होंने कहा कि एक महिला सांसद को दी गई धमकी हर महिला और लोकतंत्र के हर प्रतिनिधि की गरिमा पर हमला है। अगर एक निर्वाचित सांसद सुरक्षित नहीं है, तो आम महिलाओं की दुर्दशा की कल्पना कीजिए। अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।





महिंद्रा ग्रुप ने जारी किया बयान


मामला बढ़ते ही महिंद्रा ग्रुप ने सोमवार को एक बयान जारी किया। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि हमें पता चला है कि हमारे एक कर्मचारी ने फेसबुक पर एक राजनीतिक नेता के लिए कुछ अपमानजनक और अनुचित संदेश भेजे हैं। महिंद्रा ग्रुप हमेशा से मानवीय गरिमा को महत्व देता रहा है। हम सम्मान के माहौल को बनाए रखने में विश्वास करते हैं. हम इन सिद्धांतों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं करते हैं। कंपनी ने आगे कहा कि हम इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं और हमने तत्काल जांच शुरू कर दी है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो हमारी आचार संहिता और मूल्यों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Loving Newspoint? Download the app now